17 वर्षीय नैतिक हत्याकांड में बड़ा अपडेट: पुलिस पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी एनकाउंटर में घायल

17 वर्षीय नैतिक हत्याकांड में बड़ा अपडेट: पुलिस पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी एनकाउंटर में घायल

चंडीगढ़ के सेक्टर 22 में वीरवार रात को 17 वर्षीय किशोर नैतिक की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों नौजवानों का आज तड़के सेक्टर 50 के जंगलों में पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया। इस मुठभेड़ में दोनों हमलावर घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए सेक्टर 16 के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ पुलिस ने नैतिक के कत्ल के मामले में दो युवकों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए उन्हें सेक्टर 50 के पास स्थित जंगल के इलाके में लेकर गई थी। इसी दौरान, आरोपियों ने वहां पहले से छिपाई हुई पिस्तौल निकालकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई पुलिस टीम ने अपनी आत्मरक्षा में तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए। इस सनसनीखेज वारदात की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इन हमलावर और आरोपियों के संबंध 'लकी पटियाल गैंग' से हैं और वे कथित तौर पर उनकी शह पर ही ऐसी वारदातों को अंजाम देते हैं। चंडीगढ़ पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और गैंग के अन्य नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।