पंजाब: मलोट-अबोहर हाईवे पर नाके पर दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित पिकअप ने सीनियर कांस्टेबल को रौंदा, मौत
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
मलोट-अबोहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव पक्की टिब्बी के पास बने अंतर-जिला नाके पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नाके पर चेकिंग के दौरान एक अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के सीनियर कांस्टेबल को रौंद दिया। इलाज के दौरान अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पुलिस विभाग और मृतक के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। चेकिंग के दौरान हुआ हादसा मृतक जवान की पहचान 36 वर्षीय चंदन पांडे के रूप में हुई है, जो थाना कबरवाला में बतौर सीनियर कांस्टेबल तैनात थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात लगभग 10 बजे चंदन पांडे अपने साथी कर्मचारियों के साथ नाके पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मलोट की ओर से आ रही एक बेकाबू पिकअप गाड़ी बैरिकेड्स को तोड़ती हुई सीधे चंदन पांडे से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कुछ दूरी पर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। इलाज के दौरान तोड़ा दम घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल सीनियर कांस्टेबल को पहले सिविल अस्पताल मलोट ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आदेश अस्पताल भुच्चो के लिए रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। 36 वर्षीय मृतक चंदन पांडे अपने पीछे अपनी माता, पत्नी, दो बच्चे और एक भाई छोड़ गए हैं। पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई घटना की जानकारी देते हुए लंबी के डीएसपी हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार पिकअप चालक की तलाश के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply