प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी का मामला, युवक के खिलाफ केस दर्ज
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
वन्यजीव विभाग ने लुधियाना के जमालपुर इलाके में प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो दुर्लभ ‘राम तोते’ (Alexandrine Parakeet) बरामद किए गए हैं। वन्यजीव विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उसके खिलाफ अधिनियम की धारा 2, 39, 48, 48A, 49, 50 और 51 के तहत केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, लुधियाना वन्यजीव विभाग के रेंज अधिकारी को सूचना मिली थी कि मुंडियां कलां गांव का एक युवक प्रतिबंधित पक्षियों के अवैध व्यापार में शामिल है। सूचना के आधार पर विभाग ने जाल बिछाकर जमालपुर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान विशाल ग्रेवाल के रूप में हुई है, जो लुधियाना के मुंडियां कलां स्थित लहरी नगर का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो राम तोते बरामद किए गए, जिन्हें वह अवैध रूप से बेचने की कोशिश कर रहा था। बरामद पक्षियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि भारत में कई प्रजातियों के तोते को पालना या उनका व्यापार करना कानूनन अपराध है। यदि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दोषी पाया जाता है, तो आरोपी को भारी जुर्माना और कारावास की सजा हो सकती है। विभाग अब इस मामले की जांच कर रहा है कि आरोपी का संबंध किन बड़े तस्करों से है और इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
Leave a Reply