तेज हवाओं और बारिश से फसलें प्रभावित, किसान उत्पादन को लेकर चिंतित
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। फसलों को नुकसान से बचाने और बारिश रुकने की कामना को लेकर पंजाब और हरियाणा के किसानों ने शुक्रवार को पटियाला स्थित माता श्री काली देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। जानकारी के अनुसार, नरवाना (हरियाणा) और पटियाला क्षेत्र की किसान मजदूर यूनियन से जुड़े श्रद्धालु किसान नवरात्रि के दूसरे दिन मंदिर में माथा टेकने के लिए लंबी कतारों में नजर आए। किसानों ने बताया कि वे अपनी गेहूं की फसल को अचानक हो रही बारिश से बचाने के लिए माता से प्रार्थना करने पहुंचे हैं। किसानों का कहना है कि मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण हो रही बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से फसलें बिछ गई हैं, जिससे उत्पादन और पैदावार पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इस स्थिति ने किसानों की चिंताओं को और गहरा कर दिया है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले छह से आठ घंटों के दौरान फिर से बादल छा सकते हैं और बारिश होने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के कारण पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दोपहर तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
Leave a Reply