हांगकांग ओपन में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, सात्विक-चिराग और लक्ष्य सेन जीते
- खेल
- (Asia/Kolkata)
हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, महिला एकल में भारत की रक्षिता रामराज ने बड़ा उलटफेर करते हुए टोक्यो ओलंपिक चैंपियन और विश्व की चौथे नंबर की खिलाड़ी चीन की चेन यू फी को सीधे गेमों में हरा दिया।
सात्विक-चिराग ने मलेशियाई जोड़ी को हराया
भारत की पांचवीं वरीयता प्राप्त पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने मलेशिया के नूर मोहम्मद अजरिन अयूब और तान वी कियोंग को 21-19, 21-16 से शिकस्त दी। भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला 42 मिनट में अपने नाम किया।
इस दौरान दोनों खिलाड़ियों ने सटीक और प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया। सात्विक और चिराग ने इस साल सिंगापुर और चीन में दो सुपर 750 खिताब भी जीते हैं। क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर उन्होंने टूर्नामेंट में अपनी चुनौती मजबूत कर दी है।
रक्षिता रामराज ने ओलंपिक चैंपियन को चौंकाया
महिला एकल में भारत की 19 वर्षीय रक्षिता रामराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की चेन यू फी को 21-18, 24-22 से पराजित किया। चेन यू फी टोक्यो ओलंपिक की चैंपियन और विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं।
कोयंबटूर की रहने वाली रक्षिता पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में प्रशिक्षण लेती हैं। उन्होंने मुकाबले के दौरान अपने कौशल और खास तौर पर चतुराई भरे ओवरहेड शॉट्स से प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को कड़ी चुनौती दी। यह जीत उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है।
रक्षिता ने इससे पहले शुरुआती दौर में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को भी हराकर सबको चौंकाया था। अब अगले दौर में उनका सामना थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा।
लक्ष्य सेन ने भी जीत का सिलसिला रखा जारी
पुरुष एकल में भारत के लक्ष्य सेन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए डेनमार्क के रासमस गेमके को 21-11, 21-18 से हराया। उन्होंने अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।
25 वर्षीय लक्ष्य सेन ने बुधवार को चीन के हांगझोउ में होने वाले सीजन के आखिरी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए भी अपनी जगह पक्की की थी। वह हाल ही में हाइलो ओपन और जापान के कुमामोटो मास्टर्स में लगातार खिताब जीत चुके हैं।
अब लक्ष्य सेन का अगला मुकाबला आठवीं वरीयता प्राप्त और 2021 के विश्व चैंपियन लोह कीन यू से होगा।
Leave a Reply