पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचीं कंगना रनौत, AI जनरेटेड और अश्लील सामग्री हटाने की मांग

पर्सनालिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचीं कंगना रनौत, AI जनरेटेड और अश्लील सामग्री हटाने की मांग

अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद कंगना रनौत ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने ऑनलाइन मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए तैयार की गई सामग्री, फर्जी अकाउंट्स और अपने खिलाफ मौजूद अश्लील सामग्री को तुरंत हटाने की मांग की है। मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस विकास महाजन ने कंगना रनौत द्वारा अपने पर्सनालिटी राइट्स (व्यक्तित्व अधिकारों) की रक्षा के लिए दायर याचिका पर बचाव पक्ष की पार्टियों को समन जारी किए हैं। अदालत ने यह भी संकेत दिया है कि इस संबंध में जल्द ही अंतरिम आदेश पारित किया जाएगा। सांसद कंगना के वकील ने AI के गलत इस्तेमाल और भ्रामक बयानों पर उठाया सवाल सुनवाई के दौरान कंगना रनौत के वकील ने अदालत के समक्ष भाजपा सांसद से जुड़ी अश्लील व पोर्नोग्राफिक सामग्री, फर्जी खबरों और AI द्वारा तैयार की गई उस सामग्री पर कड़ा ऐतराज जताया, जिसमें उनके गलत बयान दिखाए गए हैं। वकील ने स्पष्ट किया कि हालांकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर मीम्स और आपत्तिजनक व्यंग्यात्मक सामग्री भी मौजूद है, लेकिन वे अंतरिम राहत के इस शुरुआती चरण में उन पर कार्रवाई के लिए दबाव नहीं बना रहे हैं। तेलुगु अभिनेता विजय देवरकोंडा ने भी दायर किया अलग मुकदमा अदालत ने कहा कि वह तेलुगु अभिनेता विजय देवरकोंडा द्वारा दायर एक अलग पर्सनालिटी राइट्स मुकदमे पर भी अंतरिम आदेश पारित करेगी, जिसके लिए प्रतिवादियों को समन जारी कर दिए गए हैं। देवरकोंडा के वरिष्ठ वकील ने आरोप लगाया कि विभिन्न माध्यमों से फिल्म स्टार की पहचान का उपयोग करके अवैध व्यावसायिक लाभ कमाया जा रहा है, जिसमें उनके नाम व पहचान से जुड़ी वस्तुओं की बिक्री भी शामिल है। इसके अलावा, वकील ने अदालत को बताया कि AI-जनरेटेड सोशल मीडिया पोस्ट, फर्जी पहचान, गलत प्रचार और अभद्र भाषा के इस्तेमाल के मामले भी सामने आए हैं। कई नामचीन हस्तियां पहले भी ले चुकी हैं अदालत का सहारा गौरतलब है कि इससे पहले भी कई प्रमुख हस्तियों ने अपने पर्सनालिटी और पब्लिसिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था। इनमें अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, सलमान खान, आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर, पत्रकार सुधीर चौधरी, पॉडकास्टर राज शमानी, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और क्रिकेटर अभिषेक शर्मा शामिल हैं। इन सभी मामलों में हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत प्रदान की थी।