धमकी भरे ईमेल से मचा हड़कंप, तीन घंटे की जांच के बाद परिसर सुरक्षित घोषित
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए संदेश में परिसर में विस्फोट की चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद तत्काल पुलिस और संबंधित एजेंसियों को सूचित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईमेल में दावा किया गया कि “विधानसभा में 5 सिलिकॉन 100 बेस RDX बम फटने वाले हैं, यह कोई मजाक नहीं है, सभी वीआईपी को तुरंत बाहर निकालो।” इस धमकी के बाद एहतियातन पूरे विधानसभा परिसर को खाली करा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, पुलिस की विशेष टीमें, स्निफर डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। साथ ही कमांडो यूनिट को भी तैनात किया गया। सुरक्षा बलों ने परिसर के अंदर और बाहर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा भवन के बाहर कर्मचारियों और अन्य लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद किसी भी संदिग्ध वस्तु, बम या विस्फोटक सामग्री का पता नहीं चला, जिसके बाद परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया गया। हालांकि, सुरक्षा कारणों से हाई अलर्ट अभी भी जारी है। गौरतलब है कि अप्रैल महीने में यह तीसरी बार है जब विधानसभा को इस प्रकार की धमकी मिली है। इससे पहले 14 अप्रैल और 24 अप्रैल को भी धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे, जिनमें विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों के चलते सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जा रहा है।
Leave a Reply