लुधियाना में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से बाइक सवार की मौत
पंजाब के लुधियाना में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार इनोवा कार ने मोटरसाइकिल सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल चला रहा व्यक्ति सिद्धवां नहर में जा गिरा, जहां डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठी उसकी पत्नी सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान हरविंदर सिंह (46) के रूप में हुई है, जो लुधियाना के बिरमी गांव का निवासी था। मृतक की पत्नी के अनुसार, 28 जुलाई की शाम दोनों काम खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही वे नहर के पास मुख्य सड़क पर जनपथ कॉलोनी के बाहर स्थित एक नर्सरी के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक काली इनोवा कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क किनारे गिर गईं, जबकि उनके पति सीधे सिद्धवां नहर में जा गिरे। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से हरविंदर सिंह को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल उनकी पत्नी का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Posted By: Daily Suraj Bureau