माछीवाड़ा के पास भीषण सड़क हादसा: माता नैना देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं का टेंपो खड़े टिपर से टकराया, 3 की मौत
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब के माछीवाड़ा के पास सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश स्थित माता नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो सड़क किनारे खड़े टिपर ट्रक से जा टकराया। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 27 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरा यह महिंद्रा पिकअप टेंपो नैना देवी से माछीवाड़ा की ओर वापस आ रहा था। टेंपो में कुल 30 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक वाहन को काफी तेज रफ्तार से चला रहा था, जिसके कारण संतुलन बिगड़ गया और उसने माछीवाड़ा के समीप खड़े एक टिपर ट्रक के पीछे सीधी टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो की अगली सीट पर बैठे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और दो किशोर शामिल हैं, जिनकी पहचान गुरु कॉलोनी, माछीवाड़ा निवासी मुन्ना कुमार (13), गौरव कुमार (17) और मधु देवी (35) के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए 27 श्रद्धालुओं को उपचार के लिए माछीवाड़ा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए माछीवाड़ा थाने के एसएचओ चरणजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम बीती देर रात तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घायलों को आपातकालीन स्थिति में निजी वाहनों के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि इस हादसे में टेंपो चालक प्रदीप कुमार भी घायल हुआ है, जो दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल से भाग गया था और बाद में उसे समराला के अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चालक किसी भी ट्रैवल एजेंसी से जुड़ा हुआ नहीं है और श्रद्धालुओं ने स्वयं ही अपनी यात्रा के लिए यह टेंपो बुक किया था।
Leave a Reply