जनगणना 2027: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऑनलाइन स्व-गणना के दूसरे चरण का किया शुभारंभ, पंजाबियों से की भाग लेने की अपील

जनगणना 2027: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऑनलाइन स्व-गणना के दूसरे चरण का किया शुभारंभ, पंजाबियों से की भाग लेने की अपील

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज अपनी और अपने परिवार की स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया को पूरा करते हुए 'जनगणना 2027' के दूसरे चरण का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के प्रत्येक नागरिक से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय रूप से भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से 16 से 30 नवंबर तक अपनी ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवारों, पारिवारिक सदस्यों, आय, शिक्षा और रहन-सहन की स्थितियों से जुड़े सटीक आंकड़े पंजाब की भावी योजनाबंदी और विकास नीतियों की मजबूत नींव तैयार करेंगे। लोगों की शंकाओं को दूर करते हुए मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इस प्रक्रिया के लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी और साझा की गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। उन्होंने पंजाबियों से सही विवरण दर्ज करवाने और राज्य के विकास का खाका तैयार करने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। इस कार्यक्रम की कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “आज हमने पंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। यह ऑनलाइन प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक जारी रहेगी, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ही अपने विवरण दर्ज करवा सकते हैं। इसके उपरांत 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर जाकर गणना का कार्य किया जाएगा। एकत्र किए गए ये आंकड़े राज्य की भावी योजनाओं और विकास नीतियों को नया स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मैं समस्त पंजाबियों से अपील करता हूं कि वे पूरे उत्साह के साथ इस राष्ट्रीय कार्य में हिस्सा लें, सही जानकारी दें और सरकार को अपना सहयोग प्रदान करें।” मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि 16 वर्षों के अंतराल के बाद भारत की जनगणना करवाई जा रही है और उन्होंने इस विशाल देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनने पर संतोष व्यक्त किया।इसके साथ ही मुख्यमंत्री मान ने समस्त जनगणना अधिकारियों, प्रगणकों, पर्यवेक्षकों, मास्टर ट्रेनरों, फील्ड ट्रेनरों तथा राज्य प्रशासन के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की लगन एवं कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सभी के समर्पित प्रयासों ने पहले चरण को सफलतापूर्वक संपन्न करने में अहम भूमिका निभाई है और यही प्रयास इस पूरे कार्य को सटीक एवं व्यापक बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।