सचिन पायलट का 15 सितंबर को पंजाब दौरा, चंडीगढ़ में कांग्रेस के प्रदर्शन का करेंगे नेतृत्व
पंजाब कांग्रेस के नए नवनियुक्त प्रभारी सचिन पायलट 15 सितंबर को अपने पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान वह चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले पंजाब प्रदेश कांग्रेस के एक बड़े विरोध प्रदर्शन में शिरकत करेंगे। इस प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस की पूरी शीर्ष नेतृत्व टीम भी मौजूद रहेगी। मिली जानकारी के अनुसार, यह प्रदर्शन आत्महत्या करने वाले मजदूर गुलजार सिंह के परिवार के लिए न्याय की मांग को लेकर किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सचिन पायलट के नेतृत्व में मार्च निकालेंगे और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा के सरकारी आवास का घेराव भी करेंगे। उल्लेखनीय है कि पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और अंदरूनी खींचतान को खत्म करने के उद्देश्य से पार्टी आलाकमान ने राज्य प्रभारी में बदलाव किया था। हालांकि, प्रभारी बदलने के बाद भी पार्टी के भीतर की अंदरूनी कलह पूरी तरह शांत नहीं हो सकी है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का गुट अभी भी पार्टी की मुख्य रणनीति से अलग होकर अपने स्वतंत्र कार्यक्रम आयोजित कर रहा है और पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के साथ मंच साझा करने से कतरा रहा है। इसी बीच, नए प्रभारी सचिन पायलट ने पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन (लीडरशिप चेंज) की तमाम अटकलों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है। जयपुर में पंजाब के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई एक बैठक के दौरान पायलट ने साफ संदेश दिया था कि पंजाब में फिलहाल संगठन या नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
Posted By: Daily Suraj Bureau