पंजाब मंडी बोर्ड का आदेश: अमृतसर, कपूरथला, तरनतारन और मोहाली की 35 मंडियों में खरीद बंद
पंजाब में धान की सरकारी खरीद के जारी सीजन के बीच पंजाब मंडी बोर्ड ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए चार प्रमुख जिलों की 35 मंडियों और खरीद केंद्रों में धान की खरीद तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी किए हैं। पंजाब मंडी बोर्ड के सचिव कुमार अमित द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस फैसले को मंगलवार शाम 5 बजे से ही लागू किया जाए। जारी आदेश के मुताबिक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, पंजाब की सिफारिश पर प्रशासनिक हितों को ध्यान में रखते हुए इन 35 मंडियों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि राज्य के अन्य सभी मुख्य यार्ड, सब यार्ड और खरीद केंद्र सामान्य रूप से चालू रहेंगे। जिन मंडियों को बंद किया गया है, उनमें से कई स्थानों पर अभी भी किसान धान की फसल लेकर पहुंच रहे हैं, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। खरीद बंद किए जाने वाली मंडियों में अमृतसर जिले की टाहली साहिब, भोएवाल, जलाल उसमा, जसरौर, राजाताल, बचीविंड, खलचियां, कालेके, तरसिक्का, गिल, खतराए कलां, चक सिकंदर, चमियारी, साहबानपुर छीना, टांगरा, ढड्डे और सठियाला शामिल हैं। कपूरथला जिले की लखनके पड्डे, परमजीतपुर और भरोआना मंडियों को बंद किया गया है। तरनतारन जिले की शेरों, चक करे खां, मियांविंड, खडूर साहिब, वा तारा सिंह, कसेल, ढोटियां, ठठियां महंता, रत्तोके और राजोके मंडियों में खरीद बंद की गई है। वहीं मोहाली जिले की नगला रोड (जीरकपुर), धनोनी, टिवाणा, सनेटा और अमलाला मंडियों में खरीद प्रक्रिया रोक दी गई है। सरकार के इस कदम पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं। पूर्व कांग्रेसी मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने सरकार के इस फैसले पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अभी खेतों में कटाई का काम चल रहा है और मंडियों में धान की आवक जारी है। सीजन के बीच में इस तरह मंडियां बंद करने से किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी कठिनाई होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से जवाब मांगते हुए बंद की गई सभी मंडियों में तुरंत खरीद दोबारा शुरू करने की मांग की है। दूसरी ओर, बाहरी राज्यों से सस्ता धान लाकर पंजाब की सरकारी खरीद में खपाने के फर्जीवाड़े पर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। लंबी (किल्लियांवाली) के पास बाहरी राज्यों का धान लाने और अनधिकृत स्थानों पर उतारने के आरोप में मार्केट कमेटी किल्लियांवाली ने चार आढ़ती फर्मों—हाकूवाला की मशाल ट्रेडिंग कंपनी व छाबड़ा ट्रेडिंग कंपनी और मंडी किल्लियांवाली की जगदीश राय एंड संस व शुभ राम बिहारी लाल—के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इसके अलावा ढाणी तेलियांवाली के दो आढ़तियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।