पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम, आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम, आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान

पंजाब और चंडीगढ़ में आने वाले सप्ताह के दौरान मौसम के सामान्य रूप से साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए बारिश या गरज के साथ किसी बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, आज राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इस अवधि में पूरे राज्य में औसतन 13.5 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य औसत 3.4 मिलीमीटर से 297 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब के 22 जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) शामिल हैं, जहां कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। इसके अलावा गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू-कश्मीर क्षेत्र पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे उत्तर भारत के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। यह प्रणाली समुद्र तल से लगभग 3 से 9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। विभाग ने यह भी बताया कि 11 अप्रैल 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे आगे भी मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना बनी हुई है। इस बीच, मध्य पाकिस्तान के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण कमजोर पड़ चुका है और इसका प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है। अगले 24 घंटों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।