बठिंडा में भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर पेट्रोल बम से हमला
पंजाब के बठिंडा में सोमवार देर रात एक गंभीर घटना सामने आई, जहां भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने की सूचना मिली है। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन क्लीनिक के गेट के अंदर खड़ी एक एक्टिवा में आग लग गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, डॉ. तरसेम गर्ग नगर निगम चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि हमलावर क्लीनिक के भीतर पेट्रोल बम फेंकने के बाद मौके से फरार हो गए। यह घटना पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के बठिंडा दौरे से ठीक पहले हुई है। मुख्यमंत्री 23 जून को बठिंडा आने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ डॉ. गर्ग से भी पूछताछ की। डॉ. तरसेम गर्ग ने कहा कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है और उन्हें पहले कभी किसी प्रकार की धमकी भी नहीं मिली। उन्होंने इस घटना पर आश्चर्य जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक (एसपी) नरेंद्र सिंह ने बताया कि दो लोगों ने डॉक्टर के क्लीनिक के अंदर पेट्रोल बम फेंका था। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
Posted By: Daily Suraj Bureau