Daily Suraj

हिन्दी

परविंदर झोटा हत्याकांड: पंजाब सरकार ने मानसा में बातचीत के लिए उतारीं तीन महिला आईएएस अधिकारी, आज बनेगी बात

19 Oct, 2026 01:15 PM

पंजाब सरकार ने मानसा के नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष कर रही एक्शन कमेटी के साथ औपचारिक बातचीत का रास्ता आखिरकार खोल दिया है। एक्शन कमेटी के साथ सार्थक चर्चा और गतिरोध को समाप्त करने के लिए सरकार ने तीन वरिष्ठ महिला आईएएस (IAS) अधिकारियों को मानसा के मैदान में उतारा है। आज एक्शन कमेटी के साथ औपचारिक बातचीत शुरू होने की पूरी संभावना जताई जा रही है। पंजाब सरकार द्वारा गठित इस अनौपचारिक तीन सदस्यीय समिति का मुख्य उद्देश्य एक्शन कमेटी के साथ संपर्क स्थापित करना है। इस तीन सदस्यीय कमेटी में 2007 बैच की आईएएस अधिकारी कंवलप्रीत कौर बराड़, 2011 बैच की आईएएस अधिकारी अपनीत रियात और मानसा की डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर को शामिल किया गया है। कंवलप्रीत कौर बराड़ वर्तमान में फरीदकोट रेंज की कमिश्नर हैं, जबकि अपनीत रियात कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान मानसा की डिप्टी कमिश्नर रह चुकी हैं। इसके अलावा, अपनीत रियात का ससुराल परिवार भी मानसा के दातेवास गांव से संबंधित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईएएस अधिकारी कंवलप्रीत कौर बराड़ और अपनीत रियात कल रात ही मानसा पहुंच चुकी हैं। आज शाम के वक्त एक्शन कमेटी और पंजाब सरकार के प्रतिनिधियों के बीच शुरुआती दौर की बातचीत हो सकती है। इससे पहले स्थानीय पुलिस अधिकारी बातचीत का प्रयास कर रहे थे, लेकिन एक्शन कमेटी ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत करने से साफ इनकार कर दिया था। घटना के करीब एक हफ्ते बाद अब पंजाब सरकार ने खुद आगे आकर बातचीत का यह रुख अपनाया है। मांगों पर अड़ी है एक्शन कमेटी उल्लेखनीय है कि 13 अक्तूबर को अश्वनी कुमार ने अपने मेडिकल स्टोर पर नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या कर दी थी। इस मामले में न्याय की मांग को लेकर पिछले छह दिनों से मानसा में जन संगठनों के नेतृत्व में एक्शन कमेटी का मोर्चा चल रहा है। एक्शन कमेटी की मुख्य मांग है कि मुख्यमंत्री और डीजीपी (DGP) अपने पदों से इस्तीफा दें। कमेटी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक परविंदर झोटा के पार्थिव शरीर का न तो पोस्टमार्टम कराया जाएगा और न ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस बीच, आज एक्शन कमेटी के आह्वान पर 'आप' (AAP) के विधायकों और मंत्रियों को 'लाहनती पत्र' सौंपे जाने का कार्यक्रम है। वहीं, कल यानी दशहरे के पावन पर्व पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करने मानसा पहुंच रहे हैं।

Latest News