Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का आप छोड़ने वाले राज्यसभा सदस्यों पर तंज

25 Apr, 2026 08:18 AM

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सात राज्यसभा सदस्यों पर तीखा व्यंग्य किया है। उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया — ये 7 चीजें मिलकर सब्जी को स्वादिष्ट बना देती हैं, लेकिन इनकी अपनी ‘सब्जी’ नहीं बन सकती।” राजनीतिक घटनाक्रम के बीच, हाल ही में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। राघव चड्ढा के साथ अशोक मित्तल और संदीप पाठक भी भाजपा में शामिल हो गए। इसके अलावा, चड्ढा ने यह दावा भी किया कि हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्त भी उनके साथ हैं। इस घटनाक्रम के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के जागरूक और स्वाभिमानी लोग उन नेताओं को कभी माफ नहीं करेंगे जिन्होंने निजी स्वार्थ के लिए जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने कहा कि पंजाबी लोग धोखा देने वालों को कभी नहीं भूलते और ऐसे लोग धीरे-धीरे राजनीति से गायब हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में पार्टी सर्वोच्च होती है, न कि वे व्यक्ति जो अपने फायदे के लिए बार-बार दल बदलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में भाजपा की राजनीतिक रणनीति क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने की रही है और वह अन्य पार्टियों को तोड़ने का काम करती है। भगवंत मान ने आगे कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी, उद्धव ठाकरे की पार्टी और शरद पवार की पार्टी में भी इसी तरह की राजनीतिक गतिविधियां देखी गई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नवीन पटनायक, दुष्यंत चौटाला और नीतीश कुमार जैसे नेताओं को भी इसी प्रकार की रणनीतियों के तहत निशाना बनाया गया है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News