अमृतसर में पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ एएसआई पर गोली चलाने वाला शूटर करनबीर सिंह

अमृतसर में पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ एएसआई पर गोली चलाने वाला शूटर करनबीर सिंह

पंजाब के अमृतसर देहाती क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। एएसआई पर जानलेवा हमला करने वाला और पुलिस हिरासत से फरार हुआ शूटर करनबीर सिंह शनिवार को एक पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। इस एनकाउंटर के दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें एक पुलिस अधिकारी भी गोली लगने से घायल हो गया है। कंदोवालिया इलाके में हुई मुठभेड़ पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, फरार आरोपी करनबीर सिंह की तलाश में जुटी पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि वह अमृतसर देहाती के कंदोवालिया क्षेत्र में छिपा हुआ है। जब पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत अपना बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें करनबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। एएसआई पर चलाई थी गोली, हथियार बरामदगी के दौरान हुआ था फरार उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले आरोपी करनबीर सिंह ने एएसआई जसवंत सिंह पर गोली चला दी थी। हालांकि, इस हमले में एएसआई बाल-बाल बच गए थे और घायल अवस्था में खुद बाइक चलाकर थाने पहुंचे थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन बुधवार रात जब पुलिस टीम हथियार बरामदगी के लिए उसे मजीठा क्षेत्र में ले गई थी, तो वह पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया था। आरोपी के फरार होने के बाद से ही पुलिस की कई टीमें अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी कर उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। शनिवार को घेराबंदी के दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में आरोपी ढेर हो गया।