वोटर सूची में नाम जरूरी, तभी मिलेगा सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ: CM मान
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण (SIR) अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि वे 'मावां धियां सतिकार योजना' सहित राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा, वे सरकारी सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजनाओं का लाभ लेने के पात्र नहीं रहेंगे। मुख्यमंत्री ने बुधवार को सभी पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि वे विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना सुनिश्चित करें। बेंगलुरु से जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण का कार्य जारी है और प्रत्येक मतदाता को निर्धारित प्रपत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में सुरक्षित कर लेना चाहिए। भगवंत मान ने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची से हट जाता है, तो वह सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने के लिए अयोग्य हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें 'मावां धियां सतिकार योजना' जैसी योजनाएं भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 25 जून से घर-घर जाकर विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत सर्वेक्षण किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी भी पात्र मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान चला रही है, ताकि किसी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे। मुख्यमंत्री ने पंजाब की महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने 'मावां धियां सतिकार योजना' के तहत महिलाओं के खातों में सम्मान भत्ता भेजकर अपना चुनावी वादा पूरा कर दिया है।
Leave a Reply