पंजाब नगर निगम चुनाव परिणाम: ‘आप’ की शानदार बढ़त, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

पंजाब नगर निगम चुनाव परिणाम: ‘आप’ की शानदार बढ़त, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

पंजाब में हुए नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा दबदबा कायम किया है। सुबह 8 बजे से जारी मतगणना के दौरान ‘आप’ ने 778 वार्डों में जीत दर्ज की है। चुनाव परिणामों के अनुसार कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे। भारतीय जनता पार्टी सबसे पीछे रही और शिरोमणि अकाली दल चौथे स्थान पर रहा। पंजाब की 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद चंडीगढ़ स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय में खुशी का माहौल देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स ने ढोल की थाप पर भंगड़ा कर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेतृत्व ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर खुशी साझा की। पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और पार्टी के महासचिव एवं मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू भी विशेष रूप से पार्टी कार्यालय पहुंचे और सभी को जीत की बधाई दी।