एडवेंचर राइड बनी जानलेवा, 16 साल के कुनाल की जिप लाइन से गिरकर मौत

एडवेंचर राइड बनी जानलेवा, 16 साल के कुनाल की जिप लाइन से गिरकर मौत

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की जिप लाइन से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान फिरोजाबाद के एक चूड़ी कारोबारी के बेटे कुनाल अग्रवाल के रूप में हुई है। घटना रविवार को ताजगंज क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, कुनाल अपने माता-पिता के साथ फिरोजाबाद से आगरा घूमने आया था। ताजगंज स्थित चौपाटी में लगी 120 फीट लंबी और 45 फीट ऊंची जिप लाइन को देखकर उसने राइड करने की इच्छा जताई। कुनाल को एडवेंचर गतिविधियों का काफी शौक था और वह जिप लाइनिंग करना चाहता था। घटना के समय कुनाल ने अपने छोटे भाई मयंक से कहा कि वह उसकी वीडियो बनाता रहे। इसके बाद कर्मचारियों ने उसे जिप लाइन पर चढ़ाया और सुरक्षा बेल्ट पहनाई। जैसे ही उसे दूसरी ओर भेजा गया, अचानक उसकी सेफ्टी बेल्ट का हुक खुल गया और वह नीचे गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि गिरने से पहले किशोर लोहे की जाली से टकराया और फिर सीधे जमीन पर आ गिरा। हादसे में उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। माता-पिता अपने बेटे की आंखों के सामने हुई मौत को देखकर बेसुध हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जिप लाइन का संचालन बंद करा दिया और जिप लाइन ऑपरेटर तथा मैनेजर को हिरासत में ले लिया। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर ईओडी (EOD) चौपाटी, जिप लाइन के सेफ्टी इंचार्ज और ईओडी के मालिक के खिलाफ ताजगंज थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।