लुधियाना में 3 बच्चों के लापता होने से इलाके में दहशत, सीसीटीवी कैमरों के सहारे जांच में जुटी पुलिस

लुधियाना में 3 बच्चों के लापता होने से इलाके में दहशत, सीसीटीवी कैमरों के सहारे जांच में जुटी पुलिस

लुधियाना के टिब्बा इलाके से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां तीन नाबालिग बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। यह घटना 22 सितंबर की दोपहर की है, जब तीनों बच्चे घर के बाहर गली में खेलने के लिए निकले थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टिब्बा रोड स्थित गली नंबर 1 के पास जागीरपुर गांव की रहने वाली शिकायतकर्ता नरिंदर कौर ने बताया कि 22 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी 12 वर्षीय बेटी प्रभदीप कौर और 11 वर्षीय बेटा अर्शदीप सिंह पड़ोस में रहने वाली जसविंदर वर्मा की 16 वर्षीय बेटी राधिका के साथ खेलने गए थे। देर रात तक जब तीनों बच्चे घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों और पड़ोसियों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने तीनों बच्चों का अपहरण कर लिया है। घटना की सूचना मिलने पर टिब्बा पुलिस ने नरिंदर कौर की शिकायत के आधार पर आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने गुमशुदा बच्चों से संबंधित रिपोर्ट और विवरण सभी नजदीकी थानों और चौकियों को भेज दिए हैं ताकि बच्चों की जल्द से जल्द तलाश की जा सके। मामले की जांच कर रही पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे पता चला कि तीनों बच्चों को मेहरबान क्षेत्र में देखा गया था। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में फिलहाल बच्चों के साथ कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया है। पुलिस टीमें स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आसपास के इलाकों से जानकारी जुटा रही हैं और बच्चों को सकुशल बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई हैं।