'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' के खिलाफ याचिका पर तुरंत सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, कहा—'अलग नजरिया है तो अपनी फिल्म बनाएं'
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को अभिनेता रणबीर कपूर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' की रिलीज को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस महाकाव्य को लेकर अलग दृष्टिकोण रखने वाला कोई भी व्यक्ति अपनी खुद की फिल्म बनाने के लिए स्वतंत्र है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई के दौरान टिप्पणी की कि यह फिल्म पहले ही सिनेमाघरों में चल रही है और जो दर्शक इसे देखना चाहते थे, वे पहले ही देख चुके हैं। याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत को बताया कि यह याचिका 23 नवंबर को दायर की गई थी और अभी तक सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हुई है। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा, "फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है। जिन्होंने इसे देखना था, वे पहले ही देख चुके हैं।" जब याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि फिल्म में "कई तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है", तो जस्टिस बागची ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, "उन्होंने अपनी समझ के अनुसार फिल्म बनाई है, आप अपनी समझ के अनुसार फिल्म बनाएं। अदालत का समय बर्बाद न करें। यदि आपके पास इस महाकाव्य के बारे में कोई अलग नजरिया है, तो उसके आधार पर फिल्म बनाएं।" जब वकील ने मामले की शीघ्र सुनवाई पर जोर दिया, तो पीठ ने कहा कि इस याचिका को निर्धारित प्रक्रिया और समय के अनुसार ही सूचीबद्ध किया जाएगा। याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म निर्माताओं ने इस महाकाव्य के चित्रण के दौरान पौराणिक तथ्यों से छेड़छाड़ की है। उल्लेखनीय है कि 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड', जिसे 'रामायण: भाग 1' भी कहा जाता है, का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। बड़े पर्दे पर प्रस्तुत इस महाकाव्य में रणबीर कपूर ने भगवान राम, साई पल्लवी ने सीता और यश ने रावण की भूमिका निभाई है। फिल्म के अन्य कलाकारों में सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता, अरुण गोविल, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय शामिल हैं। यह फिल्म 5 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
Leave a Reply