कंवानी गांव में आग का कहर, सिलेंडर धमाकों से मचा हड़कंप
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कंवानी गांव में गुरुवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने सैकड़ों झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई इस आग ने देखते ही देखते बड़े इलाके में फैलकर भारी तबाही मचा दी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुआं और लपटें दिखाई दे रही थीं। इससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए फिलहाल 22 दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं, जबकि प्रशासन ने नोएडा से भी अतिरिक्त गाड़ियां मंगवाई हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार के अनुसार, इस इलाके में कबाड़ का काम करने वाले लोग झुग्गियों में रहते हैं। आग लगने के बाद झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे आग और अधिक भयंकर हो गई। धमाकों की आवाज करीब 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। मौके पर पुलिस और अन्य बचाव टीमें सक्रिय हैं। कई थानों की पुलिस ने झुग्गियों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है। एंबुलेंस भी मौके पर तैनात हैं और नजदीकी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। फिलहाल इस घटना में किसी भी तरह के जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply