Daily Suraj

हिन्दी

अजनाला केस में कार्रवाई तेज, एनएसए खत्म होने के बाद गिरफ्तारी संभव

22 Apr, 2026 03:48 PM

फरवरी 2023 के अजनाला थाना हमले से जुड़े मामले में खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने के लिए अमृतसर (देहाती) पुलिस असम के डिब्रूगढ़ पहुंच गई है। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत उनकी नजरबंदी की अवधि समाप्त होने के बाद 23 अप्रैल को गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। अमृतपाल सिंह 23 अप्रैल 2023 से डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में बंद हैं, जहां उन्हें एनएसए के तहत हिरासत में लिया गया था। इस मामले में उनके कई सहयोगियों—पपलप्रीत सिंह, दलजीत सिंह कलसी, कुलवंत सिंह, वरिंदर जोहल, गुरमीत सिंह बुक्कनवाला, उनके चाचा हरजीत सिंह, बसंत सिंह, गुरिंदर सिंह औजला और भगवंत सिंह—को भी एनएसए और अन्य आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया था। इन्हें पिछले वर्ष पंजाब लाया जा चुका है और वर्तमान में अजनाला की अदालत में मुकदमे का सामना कर रहे हैं। दो दिन पहले पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को यह अनुमति दी थी कि अजनाला मामले में गिरफ्तारी के बाद, भले ही अमृतपाल सिंह पर लागू एनएसए की अवधि समाप्त हो जाए, उन्हें डिब्रूगढ़ जेल में ही रखा जा सकता है। पंजाब सरकार ने हाई कोर्ट से अनुरोध किया था कि अमृतपाल सिंह को इसी मामले में गिरफ्तार कर असम की जेल में ही रखा जाए। सरकार का तर्क था कि यदि उन्हें सुनवाई के लिए अमृतसर लाया गया तो सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। साथ ही सरकार ने अदालत से यह भी आग्रह किया था कि मामले की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाए। हाई कोर्ट ने अपने आदेश में अमृतसर की अदालत को अनुमति दी है कि अमृतपाल सिंह को अपना पक्ष रखने का अवसर देते हुए पुलिस रिमांड और न्यायिक हिरासत से संबंधित पूरी प्रक्रिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूरी की जाए। अजनाला हिंसा मामले में एफआईआर 24 फरवरी 2023 को दर्ज की गई थी। अमृतपाल सिंह के वकील एडवोकेट हरपाल सिंह खारा ने बताया कि अदालत ने राज्य सरकार को एनएसए की अवधि समाप्त होने के बाद गिरफ्तारी करने और आगे की कार्रवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जारी रखने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में ऑनलाइन पेश किया जाएगा।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News