Daily Suraj

हिन्दी

पूर्व घरेलू कर्मचारी निकला आरोपी, लूट और हत्या की साजिश का खुलासा

25 Apr, 2026 03:12 PM

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर ‘क्राइम सीन रीक्रिएशन’ किया, ताकि पूरी घटना की कड़ियों को समझा जा सके। पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा का पोटेंसी टेस्ट भी कराया है। जांच के दौरान पीड़िता का चोरी हुआ आईफोन एक पार्क से बरामद किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले उसी घर में काम कर चुका था और उसे घर के हर हिस्से की पूरी जानकारी थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी छत पर बने स्टडी रूम में गया, जहां युवती पढ़ाई कर रही थी। वहां उसने भारी वस्तु से हमला किया, उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को नीचे घसीटकर लाया और पीड़िता की उंगलियों का इस्तेमाल कर बायोमेट्रिक लॉकर खोलकर पैसे चोरी करने की कोशिश की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पुष्टि हुई है कि युवती की मौत गला घोंटने से हुई। वारदात के बाद आरोपी कपड़े बदलकर फरार हो गया था। पुलिस ने उसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया, जहां से उसके पास से करीब एक लाख रुपये नकद और आभूषण बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल मीणा को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की लत थी और वह लगभग 7 लाख रुपये गंवा चुका था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का स्वभाव अत्यधिक गुस्सैल है और उसने पूछताछ के दौरान अपने कृत्य पर कोई पछतावा नहीं जताया। उसने कहा कि यदि पीड़िता पैसे दे देती तो यह घटना नहीं होती। पुलिस अब आरोपी का मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराने की योजना बना रही है, ताकि उसकी मानसिक स्थिति और आपराधिक प्रवृत्ति को समझा जा सके। इसके अलावा, पुलिस उसके मोबाइल फोन की भी तलाश कर रही है, जिसे उसने 20,000 रुपये में गिरवी रख दिया था।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News