Daily Suraj

हिन्दी

रघुवंशी हत्याकांड: सुप्रीम कोर्ट में आज सोनम रघुवंशी की जमानत याचिका पर सुनवाई

23 Jul, 2026 08:59 AM

इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्या मामले में आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इस दौरान अदालत सोनम की जमानत पर फैसला करेगी। जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और पी.बी. वराले की पीठ ने सुनवाई के दौरान सोनम के वकील से कहा कि अदालत के सामने दो विकल्प हैं। पहला, मेघालय सरकार की जमानत के खिलाफ दायर अपील के गुण-दोष (मेरिट) के आधार पर फैसला सुनाया जाए। दूसरा, दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत पर विचार करते हुए सोनम को तत्काल आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया जाए, ताकि सरकारी गवाह उससे पूछताछ कर सकें। पीठ ने मौखिक टिप्पणी में कहा कि या तो अदालत मामले के मेरिट पर आदेश पारित करेगी, या फिर सोनम को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा जाएगा और सरकारी गवाहों को उससे सवाल पूछने की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद जमानत याचिका के मेरिट पर निर्णय लिया जाएगा। इस पर सोनम के वकील ने निर्देश प्राप्त करने के लिए समय मांगा और अदालत को बताया कि वे गुरुवार तक अपना जवाब देंगे। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने घटना के बाद सोनम रघुवंशी के आचरण पर भी सवाल उठाए। अदालत ने यह भी स्पष्टीकरण मांगा कि पहले गिरफ्तारी के आधारों की जानकारी नहीं दिए जाने का मुद्दा क्यों नहीं उठाया गया था। सोनम की जमानत का विरोध करते हुए मेघालय सरकार की ओर से भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि सोनम ने स्वयं पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। इसलिए बाद में वह इस आधार पर अपनी गिरफ्तारी को चुनौती नहीं दे सकती कि उसे गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि गिरफ्तारी मेमो में यदि कोई त्रुटि थी, तो वह केवल एक लिपिकीय (क्लेरिकल) गलती थी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News