दिल्ली प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस की कार्रवाई, बाद में पांचों रिहा
प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर डबवाली में पुलिस प्रशासन ने एहतियाती कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जग्गा सिंह बराड़ के घर पहुंचकर कार्रवाई की। बताया गया कि वह अपने समर्थकों के साथ दिल्ली रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दो पुलिस वाहनों में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जग्गा सिंह बराड़ को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया। इसके अलावा वार्ड नंबर 7 के पार्षद तथा उनके भतीजे समनदीप बराड़ सहित पांच युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लेकर सिटी थाने भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रात करीब 11 बजे जग्गा सिंह बराड़ के घर एकत्र हुए थे। वहां से दो से तीन वाहनों में समर्थकों के साथ दिल्ली रवाना होने की योजना थी। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और खुफिया तंत्र को मिल गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और घर के मुख्य द्वार पर भी निगरानी लगा दी। हिरासत में लिए गए लोगों में यूथ कांग्रेस के पूर्व हल्का अध्यक्ष शगनदीप सिंह, वार्ड नंबर 7 के पार्षद समनदीप बराड़, किलियावाली निवासी विक्की भाऊ, भूपिंदर सिंह 'बंटी' तथा एक अन्य युवक विक्की शामिल हैं। जग्गा सिंह बराड़ ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया था। हालांकि, आपत्ति जताने के बाद कुछ समय पश्चात फोन उन्हें वापस कर दिया गया। बराड़ ने कहा कि वे लोकतांत्रिक तरीके से दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। उनके अनुसार, आधी रात को युवाओं को हिरासत में लेना और उन्हें घर में नजरबंद करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने इसे सरकार की तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई बताया। वहीं, सिटी थाने के मुंशी ने पुष्टि की कि जग्गा सिंह बराड़ के घर से पांच युवाओं को हिरासत में लेकर थाने लाया गया था। थाना सिटी प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया गया था। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
Posted By: Daily Suraj Bureau