Daily Suraj

हिन्दी

जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन को मिला पंजाब का साथ, सिख संगठनों ने संभाला मोर्चा

23 Jul, 2026 02:20 PM

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP विरोध प्रदर्शन में पंजाब के कई सिख संगठनों ने भी भाग लिया। बुधवार देर रात सिख संगठनों के सदस्य दिल्ली पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ धरने में शामिल हुए। इस दौरान कुछ निहंग सिंह वाहनों की छतों और बोनट पर बैठकर जंतर-मंतर पहुंचे, जिनके वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। सिख संगठनों के प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने के दौरान मौजूद प्रदर्शनकारियों ने उनका स्वागत करते हुए “पंजाबी आ गए ओए…” के नारे लगाए। इसके बाद प्रदर्शन स्थल पर युवाओं ने पंजाबी गीत गाए और जमकर नारेबाजी की। संगत ने “सतनाम वाहेगुरु” का जाप भी किया। प्रदर्शन के दौरान सिख संगठनों की ओर से धरने में शामिल लोगों को चादरें और कंबल भी वितरित किए गए। इस अवसर पर कुछ निहंग सिंहों ने कहा कि यदि उनकी माताओं और बहनों के साथ किसी प्रकार की बदसलूकी या नुकसान पहुंचाया गया, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई को CJP के संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। प्रदर्शनकारी संसद के गेट तक पहुंच गए थे, जिसके बाद उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News