Daily Suraj

हिन्दी

अमेरिका-ईरान तनाव बरकरार, इस्लामाबाद वार्ता को लेकर विरोधाभासी बयान

20 Apr, 2026 09:49 AM

ईरान ने इस्लामाबाद में प्रस्तावित शांति वार्ता के दूसरे दौर में शामिल होने से जुड़े सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। यह जानकारी अल जज़ीरा की एक ताज़ा रिपोर्ट में सामने आई है। वहीं, अमेरिका का कहना है कि यह वार्ता मंगलवार को होने वाली है। अल जज़ीरा ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के हवाले से बताया कि ईरान ने अमेरिका की कथित “अनुचित मांगों”, “अवास्तविक अपेक्षाओं” और बार-बार बदलते रुख की कड़ी आलोचना की है। इसके साथ ही ईरान ने अमेरिका द्वारा जारी समुद्री नाकेबंदी की भी निंदा की है और इसे युद्धविराम समझौते का सीधा उल्लंघन बताया है। ईरान की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस्लामाबाद में दूसरे दौर की वार्ता को लेकर सामने आई खबरें तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका द्वारा फैलाई जा रही ये सूचनाएं महज एक “मीडिया गेम” हैं और उस पर दबाव बनाने के लिए “ब्लेम गेम” का हिस्सा हैं। इस बीच, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के मुद्दे पर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन से रविवार को टेलीफोन पर बातचीत की। इस बातचीत की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की। उन्होंने बताया कि हाल ही में सऊदी अरब, कतर और तुर्की के नेताओं के साथ हुई अपनी चर्चाओं का विवरण भी उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति के साथ साझा किया। दूसरी ओर, अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने जारी कूटनीतिक प्रयासों पर भरोसा जताया है। उनका कहना है कि अमेरिका किसी समझौते से बहुत दूर नहीं है और जल्द ही सहमति बनने की संभावना है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News