टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: जांच के तार अमृतसर से जुड़े, हथियार मुहैया कराने वाले की तलाश तेज

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: जांच के तार अमृतसर से जुड़े, हथियार मुहैया कराने वाले की तलाश तेज

मुंबई में रविवार शाम बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी की जांच के तार अब पंजाब के अमृतसर से जुड़ गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां उस शख्स की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं, जिसने इस वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस उपलब्ध कराए थे। सूत्रों के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और गोला-बारूद अमृतसर के एक व्यक्ति से हासिल किया गया था और पूरी आशंका जताई जा रही है कि यह खेप पाकिस्तान से तस्करी के जरिए मंगवाई गई थी। पंजाब पुलिस के सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ड्रोन के माध्यम से पंजाब के रास्ते बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों की सप्लाई कर रही है। पंजाब पुलिस ने सीमा पार से हो रही इस अवैध तस्करी को लेकर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को आगाह करते हुए चेतावनी दी है कि सीमावर्ती राज्य में पहुंच रहे इन आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल गैंगस्टर और आतंकवादी देश के किसी भी हिस्से में वारदातों को अंजाम देने के लिए कर सकते हैं। इससे पहले भी फिल्मी हस्तियों पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हमलों में पंजाब से हथियार सप्लाई होने के खुलासे हो चुके हैं। अप्रैल 2024 में अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर हुई गोलीबारी के बाद भी मुंबई पुलिस ने संगीरूर से दो हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की जांच में यह बात सामने आई है कि ताजा मामले में इस्तेमाल हथियार अमृतसर के एक व्यक्ति से प्राप्त किए गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने इस मामले में सोनीपत के कुणाल (21) व सुमित (19) और उत्तर प्रदेश की राधा (23) व बबीता (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि हाल ही में जमानत पर बाहर आए कुणाल का संपर्क अमेरिका में बैठे अनिल पंडित से कराया गया था। मूल रूप से पानीपत का रहने वाला 32 वर्षीय अनिल पंडित लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया जाता है। उसी के इशारे पर कुणाल और सुमित ने अमृतसर से हथियार और कारतूस हासिल किए थे। इसके बाद कुणाल ने राधा को यह हथियार मुंबई पहुंचाने के लिए राजी किया, और दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को मुंबई पहुंची थीं। बता दें कि रविवार को जब टाइगर श्रॉफ जुहू स्थित पुष्पा पार्क के पास फुटबॉल मैदान से बाहर आ रहे थे, तब उनकी कार पर तीन गोलियां चलाई गईं। इस हमले में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनका ड्राइवर घायल हो गया। वारदात के कुछ ही घंटों बाद खुद को अनिल पंडित बताने वाले एक शख्स ने वीडियो जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली और धमकी दी कि जो भी अभिनेता सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला निशाना वही होगा।