अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, ऑडिट की मांग पर सुनवाई
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गबन का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को उन याचिकाओं पर सुनवाई कर सकता है, जिनमें मामले की जांच की निगरानी कराने और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खातों का ऑडिट कराने की मांग की गई है। यह याचिकाएं अधिवक्ता अजय राय और दिनेश यादव की ओर से दायर की गई हैं। ये ऐसे समय में दाखिल की गई हैं, जब राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गबन का मामला पहले से ही जांच एजेंसियों की जांच के दायरे में है। एसआईटी की जांच के बाद इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने दान की गिनती के दौरान चढ़ावे की राशि का कथित रूप से गबन किया। अब तक सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। हाल ही में अदालत ने जेल में बंद तीन आरोपियों—अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे—को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने सात दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने केवल एक दिन की रिमांड मंजूर की। जांच एजेंसियां आरोपियों के बयान, बरामद नकदी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई हैं। कुछ आरोपियों पर चोरी की गई रकम से संपत्ति खरीदने का भी आरोप है, जिसकी जांच अभी जारी है। एसआईटी की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चढ़ावे की गिनती के दौरान कथित चोरी की लगभग 70 घटनाएं हुईं। इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें अविनाश शुक्ला को मुख्य आरोपी माना जा रहा है।
Posted By: Daily Suraj Bureau