लुधियाना डबल डेथ मिस्ट्री: सिर पर चोट के निशान, पुलिस जांच में जुटी
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब के लुधियाना शहर में एक बंद मकान से बुजुर्ग दंपति के शव बरामद होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय कुलदीप सिंह और उनकी 73 वर्षीय पत्नी हरमीत कौर के रूप में हुई है। दोनों शिमलापुरी क्षेत्र के जनता नगर स्थित अपने घर में रहते थे। उनका पंखे बनाने का एक कारखाना भी था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों शव घर के अलग-अलग हिस्सों में पड़े मिले। मकान का दरवाजा अंदर से हल्की कुंडी के साथ बंद था और घर से दुर्गंध आ रही थी। मृतक की बहन ने बताया कि कुलदीप सिंह के बच्चे विदेश में रहते हैं। उन्हें उनकी बेटी का फोन आया था, जिसने बताया कि माता-पिता लगातार फोन नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद परिवार के सदस्य घर पहुंचे और संपर्क करने की कोशिश की। काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
Leave a Reply