बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप जारी, तीन और बच्चों की मौत; मृतकों की संख्या 680 पहुंची
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। रविवार सुबह 8 बजे तक के पिछले 24 घंटों में खसरे जैसे लक्षणों वाले तीन और बच्चों की मौत दर्ज की गई, जिसके बाद देश में खसरे से संबंधित पुष्ट और संदिग्ध मौतों की कुल संख्या बढ़कर 680 हो गई है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के अनुसार, हाल की तीनों मौतों को संदिग्ध खसरा से संबंधित मौतों की श्रेणी में रखा गया है। यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ बांग्लादेश (यूएनबी) की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके साथ ही संदिग्ध खसरे से होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 587 हो गई है, जबकि प्रयोगशाला में पुष्टि किए गए खसरे से हुई मौतों की संख्या 93 पर स्थिर बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में खसरे के 1,001 नए संदिग्ध मामले दर्ज किए गए, जिससे संदिग्ध मामलों की कुल संख्या 92,790 तक पहुंच गई। इसी अवधि में 62 नए प्रयोगशाला-पुष्ट मामले सामने आए, जिसके बाद पुष्टि किए गए मामलों की कुल संख्या बढ़कर 11,011 हो गई। डीजीएचएस के आंकड़ों के अनुसार, 15 मार्च से अब तक बांग्लादेश के विभिन्न अस्पतालों में खसरे के संदिग्ध 76,859 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। इनमें से 72,849 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं। रिपोर्टों के अनुसार, देश में खसरे और संदिग्ध खसरे के कुल मामलों की संख्या एक लाख के करीब पहुंचने के बावजूद संक्रमण पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। यह स्थिति उस व्यापक टीकाकरण अभियान के बाद भी बनी हुई है, जिसके तहत लगभग एक माह पहले 1.84 करोड़ बच्चों को शामिल किया गया था। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ क्षेत्रों में टीकाकरण कवरेज में कमी, संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण उपायों का प्रभावी ढंग से पालन न होना तथा स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में मौजूद चुनौतियां इस बढ़ते प्रकोप के प्रमुख कारण हैं। विशेषज्ञों ने यह भी चेतावनी दी है कि डेंगू सीजन की शुरुआत पहले से ही खसरे से संक्रमित बच्चों के लिए अतिरिक्त जोखिम पैदा कर सकती है, जिससे गंभीर जटिलताओं की आशंका बढ़ सकती है। जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ मुश्तुक हुसैन ने कहा कि खसरे के मामलों में कमी नहीं आने के दो प्रमुख कारण हैं। पहला, सभी क्षेत्रों में टीकाकरण कवरेज का 95 प्रतिशत के लक्ष्य तक नहीं पहुंचना, और दूसरा, अस्पतालों तथा समुदाय स्तर पर संक्रमण रोकथाम एवं नियंत्रण उपायों का पर्याप्त पालन न होना। सोमवार को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली पूर्व अंतरिम सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसने देश के टीकाकरण कार्यक्रम में बाधा पहुंचाई। उन्होंने नई वैक्सीन खरीद प्रणाली को अपनाने की वकालत भी की।
Leave a Reply