गुरदासपुर-पठानकोट हाईवे पर बड़ा हादसा, CM मान ने जताया दुख

गुरदासपुर-पठानकोट हाईवे पर बड़ा हादसा, CM मान ने जताया दुख

पंजाब के गुरदासपुर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धारीवाल के पास तेज रफ्तार से जा रही एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस अमृतसर से जम्मू जा रही थी और उसमें अधिकांश कॉलेज विद्यार्थी सवार थे। बस के पलटते ही उसके पीछे आ रही तीन से चार गाड़ियां भी आपस में टकरा गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में दो कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। रिपोर्ट्स के अनुसार, सभी छात्र अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज में पढ़ते थे। परीक्षाएं समाप्त होने और छुट्टियां शुरू होने के बाद छात्र बस के जरिए जम्मू अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, मेडिकल टीमों और सड़क सुरक्षा बल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बटाला के थाना सेखवां के पास बस पलटने की घटना बेहद दुखद है और हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही घायलों का मुफ्त और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।