यात्रियों के लिए जरूरी सूचना: 6 जून तक प्रभावित रहेगी रेल सेवा
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। दिल्ली-अंबाला रेल खंड पर तकनीकी कार्य के कारण चंडीगढ़ से होकर गुजरने वाली 22 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 29 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इसके अलावा कई ट्रेनों के समय में भी परिवर्तन किया गया है। जानकारी के अनुसार, शाहाबाद मारकंडा और मोहरी रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे के तकनीकी कार्य के चलते 30 मई से 6 जून तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस अवधि के दौरान चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और पुनर्निर्धारित किया गया है। रेलवे द्वारा जारी विवरण के अनुसार, 22 ट्रेनें पूरी तरह से रद्द रहेंगी, जबकि 29 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त आठ ट्रेनों को पुनर्निर्धारित किया गया है और 20 ट्रेनों को नियमित किया गया है। इस निर्णय का असर चंडीगढ़ आने-जाने वाले हजारों यात्रियों पर पड़ने की संभावना है। प्रमुख ट्रेनों में अजमेर-चंडीगढ़ गरीब रथ एक्सप्रेस (12983) को 31 मई और 2 जून को रद्द किया गया है। वहीं चंडीगढ़-अजमेर गरीब रथ एक्सप्रेस (12984) 1 और 3 जून को संचालित नहीं होगी। नई दिल्ली-चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस (12045/12046) तथा अजमेर-चंडीगढ़ वंदे भारत एक्सप्रेस (20977/20978) को 6 जून के लिए पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा कई लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है। चंडीगढ़-यशवंतपुर कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (22686) 2 जून को अंबाला-सहारनपुर-मेरठ-गाजियाबाद मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान यह ट्रेन पानीपत और नई दिल्ली स्टेशनों पर सेवा नहीं देगी। इसी प्रकार चंडीगढ़-मडगांव गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12450) 1 जून को बदले हुए मार्ग से चलाई जाएगी। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के अनुसार, शाहाबाद मारकंडा और मोहरी रेलवे स्टेशनों पर लूप लाइनों के विस्तार तथा नए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) सिस्टम की स्थापना के लिए छह दिनों का प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग (PNI) और एक दिन का नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) ब्लॉक लागू किया जाएगा। इसी कारण रेल सेवाओं में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
Leave a Reply