नरेंद्र मोदी ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम पर दी श्रद्धांजलि

नरेंद्र मोदी ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम पर दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम के अवसर पर वीडियो संदेश के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इस ऐतिहासिक अवसर को सम्मान की बात बताया। नवी मुंबई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम ‘हिंद की चादर’ के रूप में विख्यात गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को स्मरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पवित्र और ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का इतिहास वीरता और पारस्परिक सहयोग से भरा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब गुरु साहिबानों ने महान बलिदान दिए, तब समाज की एकता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज भी देश को इसी प्रकार की सामाजिक एकता की आवश्यकता है और ‘संगत’ की भावना हमें विश्वास दिलाती है कि संतों का आशीर्वाद सदैव हमारे साथ है। उन्होंने आगे कहा कि यह समागम एक निरंतर चलने वाली यात्रा का हिस्सा है। इस यात्रा की शुरुआत पिछले वर्ष नागपुर की पवित्र धरती से हुई थी। इसके बाद नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब में इस भावना को और गहराई मिली। अब यह यात्रा नवी मुंबई में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस यात्रा का संदेश केवल इन शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी का साहस और बलिदान महाराष्ट्र के हर कोने, हजारों गांवों और बस्तियों तक फैला हुआ है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र सरकार को विशेष रूप से बधाई भी दी।