अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के नूरखान एयरबेस पर किया हमला, सीमा पर तनाव बढ़ा
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पिछले चार दिनों से सीमा पर हवाई हमलों और गोलीबारी का सिलसिला जारी है। इस बीच तालिबान सरकार ने दावा किया है कि उसने रावलपिंडी स्थित पाकिस्तान के अत्यंत संवेदनशील नूरखान एयरबेस को निशाना बनाया है। तालिबान के एक मंत्री ने यह भी कहा कि उनके लड़ाके डुरंड लाइन पार कर पाकिस्तान के क्षेत्र में दाखिल हुए। तालिबान के अनुसार, क्वेटा और खैबर पख्तूनख्वा के कुछ सैन्य ठिकानों पर भी हमले किए गए। यह कार्रवाई काबुल, बगराम और अन्य क्षेत्रों में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई बताई जा रही है। वहीं, पाकिस्तान सरकार का दावा है कि इन घटनाओं में 400 से अधिक अफगान लड़ाके मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं। दोनों देशों के बीच यह टकराव 22 फरवरी से शुरू हुआ, जब पाकिस्तान ने अफगान सीमा क्षेत्रों में हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान के उप गृहमंत्री तलाल चौधरी ने कहा कि सीमा क्षेत्रों में टीटीपी के ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई में कम से कम 70 लड़ाके मारे गए। बाद में पाकिस्तानी अखबार डॉन ने यह संख्या बढ़कर 80 होने का दावा किया। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने 27 फरवरी को पाकिस्तान पर हमला किया। अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान को “उचित समय पर कड़ा जवाब” दिया जाएगा। मंत्रालय ने इन हमलों को देश की संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Leave a Reply