संयुक्त किसान मोर्चा का बड़ा ऐलान: 26 नवंबर को नई दिल्ली समेत पूरे देश में होगा विशाल विरोध प्रदर्शन
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
हरियाणा के करनाल स्थित जाट भवन में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की राष्ट्रीय काउंसिल और आम सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी 26 नवंबर को नई दिल्ली सहित पूरे भारत में एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इन प्रदर्शनों के सटीक स्थानों का निर्धारण मोर्चा की संबंधित राज्य इकाइयां करेंगी। बैठक की अध्यक्षता सात सदस्यीय प्रेसीडियम मंडल ने की, जिसमें अशोक धवले, जोगिंदर सिंह उगराहां, राकेश टिकैत, राजन क्षीरसागर, डॉ. सुनीलम, जगतर सिंह बाजवा और जोगिंदर सिंह नैन शामिल रहे। बैठक के दौरान वोटर सूचियों की विशेष पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे आम नागरिकों, छात्रों और युवाओं के समर्थन में किसानों को बड़े पैमाने पर एकजुट करने का संकल्प लिया गया। इसके तहत 23 अक्टूबर को देश भर के सभी जिला और तहसील केंद्रों पर व्यापक स्तर पर रोस प्रदर्शन आयोजित करने का आह्वान किया गया है। SKM ने यह भी घोषणा की कि वह नई दिल्ली में चल रहे इस संघर्ष में पूरी ताकत से शामिल होगा। किसान नेता जगतर सिंह बाजवा ने नई दिल्ली में दिल्ली पुलिस और अन्य असामाजिक तत्वों द्वारा युवा महिला छात्राओं सहित शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर किए जा रहे दमन और उत्पीड़न की कड़ी निंदा की। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदर्शनकारियों पर ये हमले नहीं रोके गए, तो देश भर के किसान छात्रों और युवाओं के समर्थन में सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। बैठक में यह चिंता भी व्यक्त की गई कि राष्ट्रीय राजधानी में हो रही इन घटनाओं का सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) ने स्वतः संज्ञान लेकर कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की है। संयुक्त किसान मोर्चा ने अवैध विशेष संशोधन (SIR) को तुरंत रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने तथा उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की पुरजोर मांग की। इसके साथ ही, वोटर लिस्ट से हटाए गए सभी 13.41 करोड़ नागरिकों के मताधिकार को तुरंत बहाल करने की मांग भी दोहराई गई। इस बैठक में पंजाब से रमंदर सिंह पटियाला, जोगिंदर सिंह उगराहा, जगमोहन सिंह उप्पल, गुरमीत सिंह भट्टीवाल, दलजिंदर सिंह गुरना, गुरमीत सिंह महिमा, अंग्रेज सिंह मोहाली और गुरनाम सिंह मानसा सहित कई प्रमुख किसान नेता उपस्थित थे।
Leave a Reply