निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी: पठानकोट और जम्मू-कश्मीर समेत 8 ठिकानों पर ईडी की बड़ी छापेमारी

निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी: पठानकोट और जम्मू-कश्मीर समेत 8 ठिकानों पर ईडी की बड़ी छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक पूर्व अधिकारी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत जम्मू-कश्मीर और पंजाब के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। आरोप है कि इस पूर्व अधिकारी ने अर्धसैनिक बल के जवानों सहित कई निवेशकों के साथ करोड़ों रुपये की ठगी की थी। अधिकारियों ने जानकारी दी कि धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई इस कार्रवाई में जम्मू, कठुआ, उधमपुर और पंजाब के पठानकोट में कुल आठ ठिकानों पर तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि यह जांच सशस्त्र सीमा बल (SSB) के पूर्व कर्मी गुरमीत सिंह और उसके सहयोगियों द्वारा संचालित एक फर्जी 'मनी मल्टीप्लायर' और निवेश योजना से जुड़ी हुई है। ईडी की यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और बिहार के विभिन्न पुलिस अधिकारियों द्वारा दर्ज की गई कई प्राथमिकियों (FIR) के आधार पर शुरू की गई है। ये मामले आम नागरिकों के साथ-साथ सेवारत और सेवानिवृत्त एसएसबी कर्मियों के साथ धोखाधड़ी करने के संबंध में दर्ज किए गए थे, जिन्हें मोटे और सुनिश्चित मासिक मुनाफे का झूठा वादा करके निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों ने विभिन्न संस्थाओं और कंपनियों के माध्यम से निवेशकों से करोड़ों रुपये की भारी रकम एकत्र की थी।