अमेरिका-ईरान तनाव के बीच होर्मुज मार्ग से सुरक्षित पहुंचा ‘सीलिन एक्सप्रेस’ टैंकर

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच होर्मुज मार्ग से सुरक्षित पहुंचा ‘सीलिन एक्सप्रेस’ टैंकर

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गुरुवार को युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते एक तेल टैंकर सुरक्षित रूप से मुंबई पहुंचा है। इससे भारत की तेल आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं में कुछ कमी आई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार लाइबेरियाई झंडे वाला जहाज “सीलिन एक्सप्रेस” लगभग 13.5 लाख बैरल कच्चा तेल लेकर मुंबई पहुंचा है। यह जहाज 28 फरवरी को रवाना हुआ था और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते होते हुए मुंबई पहुंचा। बताया जा रहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद इस मार्ग से भारत पहुंचने वाला यह पहला बड़ा तेल टैंकर है। जब यह जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था, तब सुरक्षा कारणों से इसका AIS सिस्टम (जहाज की लोकेशन ट्रैकिंग प्रणाली) बंद कर दिया गया था। इस प्रक्रिया को “डार्क मोड” कहा जाता है। यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि जहाज की लोकेशन गुप्त रहे और उसकी गतिविधियों का पता न चल सके, जिससे वह सुरक्षित तरीके से इस क्षेत्र से गुजर सके। बाद में जहाज 10 मार्च के आसपास दुबई के पास फिर से ट्रैकिंग में दिखाई दिया और 12 मार्च को मुंबई के जवाहर आइलैंड टर्मिनल पर पहुंच गया।