पंजाब के 14 जिलों में बारिश की संभावना, 1 और 2 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी

पंजाब के 14 जिलों में बारिश की संभावना, 1 और 2 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी

पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में गर्मी और उमस का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं। इसके बावजूद अधिकतम तापमान में औसतन 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गर्म हवाओं और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पंजाब के 14 जिलों में बारिश की संभावना जताई है, हालांकि फिलहाल किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। जिन जिलों में वर्षा के आसार हैं, उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 जून को पंजाब और चंडीगढ़ के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इन दिनों मौसम मुख्य रूप से साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, लेकिन उमस से राहत मिलने की संभावना फिलहाल नहीं है। हालांकि 1 जुलाई से मौसम में बदलाव की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ भारी बारिश होने के भी आसार हैं। विभाग का अनुमान है कि बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस बार मानसून के सामान्य आगमन में भी देरी होने की संभावना है। जहां आमतौर पर मानसून 30 जून तक पंजाब पहुंच जाता है, वहीं इस बार इसके 3 जुलाई के आसपास पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। ऐसे में राज्य के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से पूरी राहत पाने के लिए कम से कम पांच दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।