Daily Suraj

हिन्दी

गौरव यादव बने पंजाब के रेगुलर DGP, राज्यपाल ने दी नियुक्ति को मंजूरी; 2 साल का होगा कार्यकाल

09 Oct, 2026 08:56 AM

पंजाब को आखिरकार अपना नियमित पुलिस प्रमुख मिल गया है। पंजाब के राज्यपाल ने 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस (IPS) अधिकारी गौरव यादव को पंजाब पुलिस का डायरेक्ट जनरल ऑफ पुलिस (DGP) और हेड ऑफ पुलिस फोर्स (HOPF) नियुक्त किया है। राजभवन की ओर से जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, पदभार ग्रहण करने की तिथि से उनका कार्यकाल कम से कम दो वर्ष का होगा। इस नियुक्ति प्रक्रिया के तहत, संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), नई दिल्ली ने 1 जुलाई 2026 के अपने पत्र के माध्यम से पंजाब सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्तावों के आधार पर तीन आईपीएस अधिकारियों के पैनल को योग्य ठहराया था। इस पैनल में 3 मार्च 1968 को जन्मे शरद सत्या चौहान, 9 मई 1967 को जन्मे हरप्रीत सिंह सिद्धू और 16 अप्रैल 1969 को जन्मे गौरव यादव का नाम शामिल था। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा भेजे गए पैनल पर विचार करने के पश्चात राज्यपाल ने गौरव यादव की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की। जारी नियुक्ति आदेशों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा 1996 की रिट याचिका संख्या 310 (प्रकाश सिंह और अन्य बनाम भारत संघ एवं अन्य) में 22 सितंबर 2006 तथा 3 जुलाई 2018 को दिए गए ऐतिहासिक फैसलों और निर्देशों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। इन अदालती दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही गौरव यादव का कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से न्यूनतम दो साल के लिए तय किया गया है।

Latest News