पंजाब कांग्रेस में बड़ा फैसला: पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर की पार्टी में वापसी, अध्यक्ष परगट सिंह ने रद्द किया निलंबन
पंजाब कांग्रेस में हुए संगठनात्मक बदलाव के बाद अब पार्टी के पुराने और नाराज नेताओं को फिर से सक्रिय करने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में पटियाला जिले के विधानसभा क्षेत्र घनौर से पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर की कांग्रेस पार्टी में दोबारा वापसी हो गई है। पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह ने अहम फैसला लेते हुए जलालपुर का निलंबन रद्द कर दिया है, जिससे उनके लिए पार्टी में फिर से सक्रिय राजनीति करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राजा वड़िंग ने किया था तीन साल के लिए निलंबितगौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के कार्यकाल के दौरान पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के तहत मदन लाल जलालपुर को तीन वर्षों के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। इस अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद कांग्रेस के भीतर जलालपुर के राजनीतिक भविष्य और भूमिका को लेकर लगातार कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। पार्टी हाईकमान के खिलाफ बयानों के कारण हुई थी कार्रवाईमदन लाल जलालपुर के विरुद्ध यह सख्त कार्रवाई उनके द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व और हाईकमान के बारे में की गई बयानबाजी के बाद अमल में लाई गई थी। उस समय पंजाब कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति की ओर से भी उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। इस प्रक्रिया के बाद तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग ने उन्हें पार्टी से निलंबित करने का निर्णय सुनाया था। 2027 चुनावों से पहले पटियाला जिले में कांग्रेस को मिलेगी मजबूती राजनीतिक हलकों के अनुसार, मदन लाल जलालपुर पटियाला जिले में कांग्रेस के सक्रिय और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। घनौर विधानसभा क्षेत्र में उनका मजबूत राजनीतिक आधार माना जाता है। ऐसे में अगले वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उनकी पार्टी में वापसी को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अध्यक्ष परगट सिंह द्वारा निलंबन रद्द किए जाने से पार्टी को घनौर सहित समूचे पटियाला जिले में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को और अधिक मजबूत करने में बड़ी मदद मिल सकती है।