पंजाब की सियासत में नया समीकरण: 'वारिस पंजाब दे', 'पुनर सुरजीत' और बसपा के बीच गठबंधन लगभग तय, 26 नवंबर को हो सकता है ऐलान
पंजाब में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की राजनीति में एक नया सियासी गठबंधन आकार लेता दिख रहा है। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी ‘वारिस पंजाब दे’, शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के बीच चुनावी गठबंधन लगभग तय हो गया है। इस नए गठजोड़ की औपचारिक घोषणा 26 नवंबर को फिल्लौर में होने वाली बसपा की रैली में किए जाने की संभावना है। तीनों दलों के बीच आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने पर सहमति बन गई है और गठबंधन से जुड़ी बातचीत भी पूरी हो चुकी है। फरीदकोट बैठक में बनी चुनावी रणनीति पर सहमति इस संभावित गठबंधन को लेकर फरीदकोट में ‘वारिस पंजाब दे’ के नेताओं की शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह और बसपा के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह करीमपुरी के साथ अहम बैठक हुई। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों में एकजुट होकर मैदान में उतरने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद जल्द ही इसके औपचारिक ऐलान की उम्मीद जताई जा रही है। 2027 के चुनावों के लिए बनेंगे नए सियासी समीकरण राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इस संभावित गठबंधन को पंजाब की सियासत में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। अमृतपाल सिंह की पार्टी ‘वारिस पंजाब दे’ ने राज्य में अपना राजनीतिक आधार तैयार किया है और इसके साथ गरमख्याली विचारधारा रखने वाला वर्ग तेजी से जुड़ रहा है। दूसरी ओर, बसपा का पंजाब के दलित समुदाय में मजबूत आधार है, जबकि अकाली दल (पुनर सुरजीत) पंथक और पंजाब से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय है। इन दलों के एक साथ आने से 2027 के चुनावों में नए राजनीतिक समीकरण उभर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि अकाली दल (पुनर सुरजीत) ने इससे पहले किसान संगठनों, पंथक संस्थाओं और अन्य संगठनों के साथ मिलकर 'साझा पंजाब मोर्चा' गठित करने में भी अहम भूमिका निभाई थी, जिसने 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की थी। बसपा के साथ इस नए गठजोड़ का असर राज्य के अन्य राजनीतिक दलों की चुनावी तैयारियों और रणनीतियों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, इन दलों के बीच सीटों के बंटवारे और साझा चुनावी रणनीति का विस्तृत ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।