सफाई कर्मचारियों ने 30 जुलाई को पंजाब बंद का किया ऐलान

सफाई कर्मचारियों ने 30 जुलाई को पंजाब बंद का किया ऐलान

बरनाला सहित पूरे पंजाब के सफाई कर्मचारियों ने अपने आंदोलन को तेज करते हुए 30 जुलाई (गुरुवार) को राज्यव्यापी हड़ताल और पंजाब बंद का ऐलान किया है। इस संबंध में जानकारी बरनाला सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला अध्यक्ष गुलशन कुमार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। गुलशन कुमार ने बताया कि यह फैसला बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज और सरकार द्वारा उनकी मांगों की लगातार अनदेखी किए जाने के विरोध में लिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार 30 जुलाई से पहले उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती है, तो उस दिन पूरे पंजाब में पूर्ण बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के कारण अब आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित अत्याचार के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता वहां पहुंचे थे। उन्होंने घायल सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उनके आंदोलन को पूरा समर्थन देने की घोषणा की। राजनीतिक दलों के नेताओं ने कहा कि सफाई कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए जो भी आंदोलन या संघर्ष का कार्यक्रम तय करेंगे, वे उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।