अस्पताल से छुट्टी मिलते ही राजघाट पहुंचे सोनम वांगचुक, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
पेपर लीक आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे सोनम वांगचुक सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सीधे नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचे। वहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को नमन किया। राजघाट पर श्रद्धांजलि देने के बाद सोनम वांगचुक ने कहा कि उनकी समझ के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके ही जनता के दिल तक संदेश पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस बार उन्हें संतोष है कि यह संदेश राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा है। उन्होंने लोगों से महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए शांति के मार्ग पर चलते हुए अपनी बात रखने की अपील की और सभी नागरिकों को शुभकामनाएं भी दीं। वांगचुक ने कहा कि बापू का मार्ग आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखकर भी सरकार को जनता की मांगों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए। इस दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने पैलेट गन के मुद्दे पर भी चर्चा किए जाने की आवश्यकता बताई। गौरतलब है कि सोनम वांगचुक को हाल ही में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिली है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी सेहत की जानकारी दी। वीडियो में उन्होंने कहा कि अब वह पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब वह अपने घर लद्दाख के लिए रवाना होंगे। सोनम वांगचुक ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में 26 दिनों तक भूख हड़ताल की थी। 20 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था, जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। यहीं उन्होंने अपनी भूख हड़ताल समाप्त की थी।
Leave a Reply