चिटकारा यूनिवर्सिटी बवाल मामला: पटियाला पुलिस ने हरियाणा के फतेहाबाद से एक और आरोपी को किया गिरफ्तार
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
चितकारा यूनिवर्सिटी (राजपुरा) में बीते 25-26 सितंबर की दरमियानी रात को हुए छात्र हंगामे के मामले में पटियाला पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए एक और आरोपी को दबोच लिया है। हरियाणा के फतेहाबाद से गिरफ्तार किए गए इस आरोपी पर सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों को भड़काने और उकसाने के गंभीर आरोप हैं। पटियाला पुलिस के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान पार्थ मेहता के रूप में हुई है, जो कि फतेहाबाद (हरियाणा) का रहने वाला है। गौरतलब है कि इस घटना के तुरंत बाद बणूर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बड़े पैमाने पर जांच शुरू की गई थी। इस कड़ी में पुलिस इससे पहले दो अन्य आरोपियों—हिमांशू (निवासी नंगल) और आर्यन (निवासी अंबाला)—को भी गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी पटियाला हरमनदीप सिंह हंस ने मामले के खुलासे करते हुए बताया कि आरोपी पार्थ मेहता द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर झूठी और भ्रामक अफवाहें फैलाकर छात्रों को उकसाया गया था। इसके अलावा उस पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालने के भी आरोप हैं। पार्थ की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार कुल आरोपियों की संख्या 3 हो गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले की गहराई से छानबीन जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां होने की पूरी उम्मीद है।
Leave a Reply