नेपाल में दर्दनाक हादसा: एवरेस्ट बेस कैंप मार्ग पर दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराए, भारतीय नागरिक की मौत
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
नेपाल के सोलुखुम्बू जिले में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस भीषण हादसे में 47 वर्षीय एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री और दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट घायल हो गए। नेपाल पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह हादसा सोलुखुम्बू जिले की खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में स्थित फेरीचे इलाके में हुआ। जिला पुलिस कार्यालय के मुताबिक, 'फिशटेल एयर' और 'एयर डायनेस्टी' कंपनियों के हेलीकॉप्टरों के बीच यह टक्कर स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजकर 11 मिनट पर हुई। भारतीय नागरिक की मौत, भारतीय मूल का न्यूजीलैंड निवासी घायल पुलिस निरीक्षक मौसम तमांग ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालारामारामाडू के रूप में हुई है। वह हादसे के समय 'फिशटेल एयर' के हेलीकॉप्टर में सवार थे। इसी हेलीकॉप्टर में सवार 49 वर्षीय शैलेश कृष्णा पटेल भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। शैलेश भारतीय मूल के न्यूजीलैंड निवासी हैं। तमांग ने बताया कि घायल शैलेश को तत्काल प्रभु हेलीकॉप्टर के माध्यम से उपचार के लिए काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल भेजा गया है। दोनों हेलीकॉप्टरों के नेपाली पायलट भी हुए घायल इस हादसे में दोनों हेलीकॉप्टरों के नेपाली पायलट भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल पायलटों की पहचान 'फिशटेल एयर' के पायलट रवींद्र प्रजापति और 'डायनेस्टी एयर' के पायलट प्रज्वल के.सी. के रूप में हुई है। प्राथमिक राहत कार्य के बाद दोनों पायलटों को बेहतर इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है। एवरेस्ट बेस कैंप के रास्ते में स्थित है दुर्घटनास्थल दुर्घटनास्थल फेरीचे, राजधानी काठमांडू से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है और यह प्रसिद्ध माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग में पड़ता है। पुलिस ने बताया कि मृतक भारतीय नागरिक के शव को लुकला के एक स्थानीय अस्पताल में रखवाया गया है। हादसे के वक्त दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने यात्री सवार थे, इस बात की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के विस्तृत कारणों का पता लगाने के लिए मामले की आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
Leave a Reply