जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने लिया हिरासत में

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने लिया हिरासत में

राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के वरिष्ठ नेताओं सौरभ दास और आशुतोष रांका को मंगलवार सुबह दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई सुरक्षा घेरे को तोड़ने और प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की कोशिश के बाद अमल में लाई गई। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए सी.जे.पी. के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे समेत कई अन्य टीम सदस्यों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दीपके ने लिखा कि उनके साथी राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगे' के साथ जंतर-मंतर के अंदर दाखिल हुए थे, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए उन्होंने लिखा, "आप विरोध की आवाज को खत्म (Denotify) नहीं कर सकते।l" सामने आए वीडियो फुटेज में CJP के सदस्य जंतर-मंतर के बंद गेटों को लांघकर अंदर प्रवेश करते और 'भारत माता की जय' के नारे लगाते नजर आ रहे हैं, जिन्हें मौके पर मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने तुरंत दौड़कर काबू कर लिया।गौरतलब है कि हाल ही में जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल (Protest Site) के रूप में मिलने वाला दर्जा वापस ले लिया गया है, जिसके चलते वहां किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन पर रोक है। इसके बावजूद CJP नेताओं द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है तथा पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।