पठानकोट में बड़ा हादसा टला, 13 बच्चों समेत 55 श्रद्धालुओं की बचाई गई जान

पठानकोट में बड़ा हादसा टला, 13 बच्चों समेत 55 श्रद्धालुओं की बचाई गई जान

जालंधर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित सुजानपुर में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पठानकोट-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल नंबर तीन के नीचे स्थित अंडरपास में भारी जलभराव हो गया। इसी दौरान देहरादून से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रही एक पर्यटक बस अंडरपास में भरे पानी में फंस गई। बस में 13 बच्चों सहित कुल 55 श्रद्धालु सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस और सड़क सुरक्षा बल की टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, रात का समय होने के कारण बस चालक पानी की गहराई का सही अनुमान नहीं लगा सका। जैसे ही उसने बस को अंडरपास से निकालने का प्रयास किया, अधिक पानी होने के कारण इंजन में पानी भर गया और बस बीच पानी में ही बंद हो गई। समय पर किए गए राहत एवं बचाव कार्य के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में फंसे यात्रियों ने तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क किया और रात 1:53 बजे बस के पानी में फंसने की सूचना दी। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और केवल छह मिनट के भीतर, रात 1:59 बजे, घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया। टीम ने सभी 55 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।